DUNE: PART TWO
लड़का ख़त्म हुआ — अब सिर्फ़ मुअद्दिब है
Part One का आख़िरी फ़्रेम याद करिये: पॉल और जेसिका रेगिस्तान में चल रहे हैं, फ़्रेमेन के साथ, और चानी कहती है: “This is only the beginning.”
वह सच बोल रही थी – लेकिन शायद उसे भी नहीं पता था कि “शुरुआत” कितनी ख़ूनी होगी।
Dune: Part Two वह फ़िल्म है जहाँ Part One के हर बीज से दरख़्त उगता है – और हर दरख़्त ज़हरीला है। वह लड़का जो रेगिस्तान में भागा था? वह अब रेगिस्तान बन गया। वह भविष्यवाणी जो बनाई गई थी? अब वह लाखों लोगों का यक़ीन है। वह “मसीहा” जो चुना नहीं गया था? उसने अब ख़ुद को चुन लिया – और यही सबसे ख़तरनाक लम्हा है।
तो आपने Dune: Part Two देख ली? चलिये। इस बार गहराई और भी ज़्यादा है।
Part One ने दुनिया बनाई – अराकीस, स्पाइस, ग्रेट हाउस, बेने गेसेरित, मिशनेरिया प्रोटेक्टिवा – और कहानी को एक निर्णायक मोड़ पर छोड़ा: एट्रीडीज़ तबाह, लेटो मारा गया, पॉल और जेसिका फ़्रेमेन लोगों के साथ। Part Two उसी रात से शुरू होती है – कोई टाइम-जंप नहीं, कोई रीकैप नहीं – और तुरंत तेजी से आगे करती है।
लेकिन Part Two सिर्फ़ पहली फ़िल्म का अगला भाग नहीं हा – यह रूपांतरण है। Part One एक लड़के की यात्रा थी। Part Two एक मसीहा का निर्माण है – और विलेन्यूव चाहते हैं कि आप इस निर्माण से असहज महसूस करें।
Part One ने कई बातों की नींव रखी जो Part Two में मुकम्मिल होती हैं:
फ़ेड-रूथा हारकोनेन
Part One में बैरन ने अपने भतीजे रब्बान (Dave Bautista) को अराकीस सँभालने भेजा। लेकिन बैरन का असली वारिस फ़ेड-रूथा है – जिसका Part One में सिर्फ़ ज़िक्र था। Part Two में ऑस्टिन बटलर (Austin Butler) ने फ़ेड-रूथा को ज़िंदा किया – और यह किरदार पॉल का डार्क-मिरर है।
सम्राट शद्दाम IV
Part One में सम्राट एक अदृश्य ताकत था — उसका ज़िक्र होता था लेकिन वह दिखा नहीं। Part Two में क्रिस्टोफ़र वॉकेन (Christopher Walken) ने इसे एक थका हुआ, डरा हुआ, कमीना बूढ़ा बनाया।
राजकुमारी इरुलान
सम्राट की बेटी, बेने गेसेरित की सदस्य, Part One में ग़ैरहाज़िर। Part Two में फ़्लोरेंस पघ (Florence Pugh) के ज़रिये एक ऐसा किरदार बना जो Part Three में और अहम होगा।
चानी – असली चानी
Part One में चानी ज़्यादातर पॉल के विज़न्स में थी। Part Two में जेंडाया (Zendaya) ने उसे पूरी ताक़त से ज़िंदा किया – और विलेन्यूव ने फ़्रेंक हर्बर्ट की किताब से एक बड़ा बदलाव किया: किताब में चानी पॉल पर पूरा यकीन करती है। और फ़िल्म में? चानी को उसपर संदेह है। वह लिसान अल ग़ैब को नहीं मानती। और यही बदलाव पूरी फ़िल्म बदल देता है।
यह फ़िल्म असल में किस बारे में है?
मसीहा बनने का दर्द – जब भगवान बनना मजबूरी हो
Part One ने सवाल पूछा: “मसीहा बनाया जाता है या सच में होता है?” Part Two जवाब देती है: इससे फ़र्क़ नहीं पड़ता – क्योंकि एक बार जब लोग मान लें, तो मसीहा “असली” हो ही जाता है।
पॉल का आर्क Part Two में तीन स्टेज से गुज़रता है:
स्टेज 1 – इनकार
शुरू में पॉल “लिसान अल ग़ैब” बनने से मना करता है। वह फ़्रेमेन के साथ रहता है, उनके तरीक़े सीखता है, लड़ता है, चानी से प्यार करता है – लेकिन मसीहा नहीं बनना चाहता। वह स्टिगलर से कहता है कि भविष्यवाणी सच नहीं है। वह चानी से वादा करता है कि वह “उनमें से एक” बनकर रहेगा, मसीहा नहीं।
स्टेज 2 – मैनीपुलेशन
लेकिन जेसिका – अब फ़्रेमेन की आदरणीय माताजी बनकर – दक्षिण के फ़्रेमेन विद्रोहियों में लिसान अल ग़ैब का दुष्प्रचार कर रही है। पॉल की अपनी माँ उसे मसीहा बनाने की ज़मीन तैयार कर रही है – बिना उसकी मर्ज़ी के। जेसिका जानती है कि मसीहा की कहानी झूठी – वह बेने गेसेरित है, उसे मिशनेरिया प्रोटेक्टिवा पता है – और वह फिर भी इसे इस्तेमाल कर रही है, क्यों? खुद को बचाने के लिए? पॉवर के लिए? अपने बेटे के लिए – या ख़ुद के लिए? यह स्पष्ट नहीं है।
स्टेज 3 – समर्पण
और फिर – हारकोनेन का आक्रमण, फ़्रेमेन मारे जा रहे हैं, सब कुछ ख़त्म होने वाला है – पॉल जीवन-जल पीता है। नवजात सैंडवर्म को पानी में डुबोने पर निकलने वाला स्पाइस का आसमानी अर्क, जो किसी भी पुरुष को मार देता है। पॉल लगभग मर ही जाता है – और जागता है बदला हुआ। अब उसे आगे-पीछे सब दिखने लगा है। वह भविष्य देख सकता है – हर रास्ता, हर संभावना, हर नतीजा। और हर रास्ते में ख़ून है।
पॉल के सामने अब दो विकल्प हैं: (1) फ़्रेमेन मसीहा बनो, धर्मयुद्ध शुरू करो, हारकोनेन और सम्राट की सत्ता को तबाह करो – लेकिन धर्मयुद्ध में अरबों लोग मरेंगे। (2) कुछ मत करो – और फ़्रेमेन तबाह हो जाएँगे, हारकोनेन जीतेंगे, अराकीस लुटता रहेगा।
पॉल मसीहा “बनना” नहीं चाहता। लेकिन उसके सामने कोई चॉइस नहीं है। और यही उसकी ट्रैजेडी है: यह चुनाव नहीं, जाल है। Part One में हमने कहा था – “क्रिसनाइफ़ एक बार निकाली तो बिना ख़ून लगे वापस नहीं जाती।” पॉल ने क्रिसनाइफ़ निकाल ली।
चानी बनाम स्टिगलर – एक ही फ़िल्म के दो दर्शक
विलेन्यूव का सबसे अनोखा निर्णय: चानी और स्टिगलर को एक ही घटना से बिल्कुल अलग तरह से प्रभावित दिखाना।
हर बार जब पॉल कुछ “चमत्कार” करता है – सैंडवर्म की सवारी, जीवन-जल पीने के बाद बच जाना, भविष्यवाणी का एक-एक करके पूरा होना – स्टिगलर की आँखों में श्रद्धा है और चानी की आँखों में ग़ुस्सा।
स्टिगलर देखता है: लिसान अल ग़ैब। भविष्यवाणी पूरी हो रही है। मसीहा आ गया। यह ईश्वर की इच्छा है।
चानी देखती है: एक लड़का जो दुष्प्रचार का शिकार हो रहा है। एक झूठी कहानी जो असली बन रही है। एक सिस्टम जो उसके प्यार को “मसीहा” बनाकर उससे छीन रहा है।
दोनों सही हैं। और दोनों ग़लत भी। स्टिगलर की श्रद्धा सहज है – लेकिन उसकी जड़ झूठी है। चानी का शक भी अपनी जगह पर सही है – लेकिन वह यह नज़रअंदाज़ कर रही है कि पॉल सच में भविष्य देख पा रहा है, सच में चमत्कारिक शक्तियां रखता है, चाहे वे शक्तियां जेनेटिक मैनीपुलेशन से आई हों।
यह Dune की सबसे मैच्योर कमेंट्री है: किसी चीज़ का पूरा सच नहीं होना उसे गलत नहीं बनाता। और किसी चीज़ का सच होना उसे सही नहीं बनाता। पॉल सच में विशेष है – और उसे बनाया गया है। दोनों बातें एक साथ सच हैं। और आपको – दर्शक को यह तय करना है कि आप स्टिगलर हैं या चानी।
फ़ेड-रूथा – वह पॉल जो प्यार के बिना पला
फ़ेड-रूथा इस फ़िल्म का सबसे चौंकाने वाला performance है – और यह character पॉल को समझने की चाबी है।
फ़ेड-रूथा वह है जो पॉल हो सकता था अगर उसे लेटो जैसा पिता न मिला होता, चानी जैसा प्यार न मिला होता, कालादान जैसा घर न मिला होता। फ़ेड भी विशेष है – बेने गेसेरित के ब्रीडिंग प्रोग्राम का प्रोडक्ट, माहिर योद्धा, करिश्माई व्यक्तित्व। लेकिन उसे बैरन हारकोनेन ने पाला — अत्याचार और हिंसा के बीच। फ़ेड को प्यार नहीं मिला, सिर्फ़ पॉवर मिली। और इसलिए फ़ेड में ज़मीर नहीं है – सिर्फ़ महत्वाकांक्षा है।
विलेन्यूव ने फ़ेड का पहला सीन गेडी प्राइम (Giedi Prime) (हारकोनेन का ग्रह) पर रखा – और यह पूरा सीक्वेंस मोनोक्रोम में शूट किया। गेडी प्राइम का सूरज इन्फ़्रारेड प्रकाश देता है – इसलिए वहां रंग नहीं दिखते। यह एक काली-सफ़ेद दुनिया है – शाब्दिक और रूपक दोनों तरह से। फ़ेड की दुनिया में रंग नहीं है — विविधता नहीं है, ग्रे एरिया नहीं है। सिर्फ़ ताकत है और कमज़ोरी। मारो, या मारे जाओ।
एरेना का सीन – जहाँ फ़ेड ग्लेडिएटर-स्टाइल में तीन एट्रीडीज़ कैदियों से लड़ता है – विलेन्यूव का सबसे विचलित करने वाला आइटम है। फ़ेड भिडंत का आनंद ले रहा है। बैरन गर्व से देख रहा है। और एक कैदी जिसे “नशीली दवा के प्रभाव में” होना चाहिए ताकि फ़ेड आसानी से जीते — उसे लेडी मार्गोट (Léa Seydoux) की साज़िश से नशीली दवा नहीं दी गई है। फ़ेड को असल चैलेंज मिलता है – और वह उसे मारने का मज़ा लेता है। यह लम्हा बताता है: फ़ेड खतरे से नहीं डरता। फ़ेड खतरा उठाना चाहता है।
और जब Part Two के क्लाइमैक्स में पॉल फ़ेड से लड़ता है — आमने सामने की चाकूबाज़ी में, तो यह सिर्फ़ दो कैरेक्टर्स की लड़ाई नहीं, दो संभावनाओं की लड़ाई है। प्यार से पला मसीहा बनाम हिंसा के बीच पला शैतान। और जब पॉल जीतता है – फ़ेड को मारता है – तो एक अजीब सी टूटन होती है: पॉल ने अपने डार्क-मिरर को तोड़ दिया – लेकिन शीशा टूटने से रिफ्लैक्शन नहीं मरता।
जीवन-जल – वह दहलीज़ जिसके बाद वापसी नहीं
जीवन-जल सैंडवर्म (Shai-Hulud) का एक ज़हरीला रिसाव है। बेने गेसेरित की बड़े ओहदे वाली मदर्स इसे पीती हैं और उन्हें कुछ नहीं होता। लेकिन कोई पुरुष इसे पीने के बाद जीवित नहीं बचा। कहते हैं कि क्विसात हादेराच – वह मसीहा जिसे बेने गेसेरित हज़ारों साल से लाने के सपने देख रही हैं, वह अकेला पुरुष होगा जो जीवन-जल पीने के नहीं मरेगा, और स्त्री तथा पुरुष दोनों की जेनेटिकल मेमोरी को समझ सकेगा।
पॉल जीवन-जल पीता है – और लगभग मर जाता है। उसकी धड़कनें रुक जाती हैं। चानी उसे अपने आँसुओं से ज़िंदा करती है — आंसू, जो अराकीस पर सबसे पवित्र चीज़ हैं – पानी)। और जब पॉल जागता है, तो वह पूरी तरह से बदल जाता है।
पॉल को अब आगे-पीछे देखने की काबिलियत मिल गई है। वह भविष्य की हर शाखा देख सकता है – और हर शाखा ख़ून से सनी है। धर्मयुद्ध को टाला नहीं जा सकता। अरबों मरेंगे – उसके नाम पर, “मुअद्दिब” के नाम पर, लिसान अल ग़ैब के नाम पर। और पॉल? पॉल ने यह जानते हुए – पूरे होश-हवास में मसीहा बनना स्वीकार कर लिया।
यही वह लम्हा है जहाँ पॉल “हीरो” नहीं रहता। Part One में वह असमंजस में था। जीवन-जल के बाद वह अपनी जिम्मेदारी समझ गया है। उसकी आँखों में अब वह डर नहीं है जो शेलेमे ने Part One में दिखाया – अब ठंडी निश्चितता है। और यह रूपांतरण इतना बारीक है कि ज़्यादातर दर्शक इसे “शक्तियों का प्रभाव” समझते हैं। लेकिन यह शक्तियां मिलना नहीं है – यह एक तरह का करप्शन है। धीमा, न्यायसंगत, ट्रैजिक – लेकिन करप्शन।
“धर्मयुद्ध” – वह शब्द जिससे पॉल सबसे ज़्यादा डरता था
Part One से पॉल अपने विज़न्स में एक धर्मयुद्ध देखता आया है – फ़्रेमेन उसके नाम पर कायनात जला रहे हैं, अरबों मर रहे हैं। यह उसका सबसे बड़ा डर था। और Part Two के अंत में – वह ख़ुद यही युद्ध शुरू करता है।
पॉल सभी ग्रेट हाउस को चैलेंज करता है। फ़्रेमेन की सेना, जो सारदूकर से भी ज़्यादा ख़तरनाक है – सम्राट की सेना को तबाह करती है। पॉल फ़ेड-रूथा को मारता है। सम्राट समर्पण करता है। और पॉल का आखिरी दांव क्या है? राजकुमारी इरुलान से शादी — राजनीतिक संधि, फ़्रेमेन को सत्ता, और धर्मयुद्ध का आरंभ।
अंतिम सीन में चानी के चेहरे पर जो भाव है – जब वह पॉल को सिंहासन पर देखती है, इरुलान उसके बग़ल में – वह इस फ़िल्म सीरीज़ का सबसे दर्दनाक लम्हा है। चानी के लिए यह सरासर धोखा है — निजी, राजनीतिक, और आत्मिक। वह लड़का जिसने कहा था “मैं तुम्हारे लोगों जैसा बनूँगा” — वह अब सम्राट है, दूसरी लड़की से शादी कर रहा है, और उसके नाम पर धर्मयुद्ध शुरू हो रहा है।
और विलेन्यूव ने यहाँ किताब की कहानी में बड़ा बदलाव किया: किताब में चानी यह सब स्वीकार करती है। फ़िल्म में चानी चली जाती है। वह सैंडवर्म पर सवार होती है और रेगिस्तान में ग़ायब हो जाती है। उसका चले जाना Part Three की पूरी कहानी बदल देगा।
किरदारों को समझिये
Part One में पॉल एक डरा हुआ लड़का था। Part Two में शेलेमे ने कुछ खास किया: उसने बदलाव को इतना धीमे-धीमे रखा कि आप नोटिस ही नहीं करते कि कब लड़का ख़त्म हुआ और कब मसीहा शुरू हुआ।
Part Two की शुरुआत में पॉल हँसता है, चानी से फ्लर्ट करता है, फ़्रेमेन बच्चों के साथ खेलता है। Part Two के अंत में वह एक सिंहासन पर बैठा है, आँखें नीली, आवाज़ ठंडी, धर्मयुद्ध की घोषणा कर रहा है। बीच में कोई अकेला “निर्णायक मोड़” नहीं है – यह बिखरना है, धीमा, बेरोकटोक, रेत की तरह।
Part Two चानी की फ़िल्म है – और Zendaya ने इसे बखूबी दिखाया।
वह क्या represent करती है? – सच। कड़वा, गैरज़रूरी, असहनीय सच। चानी वह आवाज़ है जो कहती है: “यह सब झूठ है। भविष्यवाणी झूठी है। तुम मैनीपुलेट हो रहे हो।” और वह सही है। लेकिन सही होने से कुछ नहीं बदलता – क्योंकि स्टिगलर और दक्षिण के फ़्रेमेन यकीन करना चाहते हैं।
चानी का आर्क Part Two में दिल तोड़ने वाला है: वह पॉल से प्यार करती है, पॉल से – मुअद्दिब से नहीं, लिसान अल ग़ैब से नहीं। और जैसे-जैसे पॉल मसीहा बनता जाता है, चानी का पॉल ग़ायब होता जाता है। जीवन-जल के बाद जो आदमी जागता है – वह वह नहीं है जिससे चानी ने प्यार किया। और चानी जानती है। उसकी आँखें जानती हैं।
Part Two में जेसिका एक चौंकाने वाला किरदार बन जाती है। Part One में वह एक माँ थी जो जिंदा रहने की कोशिशें कर रही थी। Part Two में? वह एक राजनीतिक चालबाज़ है जो अपने बेटे को ताज पहनाने के लिए पूरी सभ्यता को मैनीपुलेट कर रही है।
जेसिका ने फ़्रेमेन Reverend Mother बनने के लिए जीवन-जल पिया — गर्भवती होने का बावजूद। इसका मतलब: उसके गर्भ में मौजूद बेटी (आलिया) भी पैदा होने से पहले ही जीवन-जल से प्रभावित हो गई है। आलिया पैदा होने से पहले ही विशेष बन गई है, सब कुछ याद रखती है, “मायावी” कहलाती है। जेसिका ने अपनी बच्ची को पैदा होने से पहले ही हथियार बना दिया।
और जेसिका दक्षिण के ज़्यादा धार्मिक और फंडामेंटल फ़्रेमेन के बीच लिसान अल ग़ैब का दुष्प्रचार करती है। पॉल जो कुछ भी चमत्कार करता है, जेसिका उसे कई गुना बढ़ाकर बताती करती है। वह जानती है कि यह मिशनेरिया प्रोटेक्टिवा है – और वह इसे संगीत के वाद्य की तरह बजा रही है।
Part Two में फ़र्गुसन का रोल आपको रोल बांधे रखने की काबिलियत रखता है। Reverend Mother बनने के बाद उसकी आवाज़ बदल गई है। उसकी आँखों में कैल्कुलेशन है, और कई दृश्यों में वह अपने गर्भ में पल रही आलिया से बात करती है — फुसफुसाते हुए, जैसे कोई रहस्यमयी रिवाज़ चल रहा हो। यह आपको असहज करता है, और असहज करने के लिए ही है।
ऑस्टिन बटलर ने फ़ेड-रूथा को एलियन जैसा बनाया – जो दिखता तो मनुष्य जैसा है, लेकिन जिसमें कुछ ग़लत है। उसकी आँखें ख़ाली हैं, उसकी मुस्कुराहट शिकारी की है, उसकी हर चाल कैल्कुलेटेड है। बटलर ने फ़ेड के लिए एक अलग आवाज़ चुनी — फुसफुसाती हुई, हल्की सी नाक से निकलती हुई डरावनी आवाज़ – जो Stellan Skarsgård के बैरन से भी अलग है।
फ़ेड क्यों अहम है? – क्योंकि बेने गेसेरित ब्रीडिंग प्रोग्राम में फ़ेड भी क्विसात हादेराच बनने का प्रत्याशी था। लेडी मार्गोट (Léa Seydoux) फ़ेड से गुप्त रूप से गर्भवती होती है – बेने गेसेरित का बैक-अप प्लान। अगर पॉल असफल होगा तो तो फ़ेड के वंश से क्विसात हादेराच बनाया जा सकता है। बेने गेसेरित किसी एक मनुष्य पर भरोसा नहीं करतीं – वह हमेशा दो खेल खेलती हैं।
Walken ने सम्राट को थका हुआ दिखाया – और यह बिल्कुल सही बैठा। शद्दाम ताक़तवर नहीं दिखता। वह एक बूढ़ा आदमी दिखता है जो सिंहासन पर बैठा है और डरा हुआ है। उसका सबसे बड़ा डर? कि कोई उसकी तरह सोचे – “मैं भी सिंहासन पर बैठ सकता हूँ।” शद्दाम ने एट्रीडीज़ इसलिए तबाह किए क्योंकि लेटो लोकप्रिय था – और पॉपुलर होने का मतलब था कि एक दिन सभी ग्रेट हाउस लेटो को सम्राट बना सकते थे। शद्दाम का अपराध जलन नहीं बल्कि असुरक्षा की भावना है।
Part Two में इरुलान का रोलe छोटा है – लेकिन हर सीन अहम है। वह बेने गेसेरित से प्रशिक्षित है, बुद्धिमान है, और अपने पिता की राजनीतिक शतरंज में अहम मोहरा है। जब पॉल उससे विवाह करने की मांग करता है – इरुलान एक पल के लिए भी नहीं झिझकती। क्यों? क्योंकि वह जानती है कि यह सत्ता का समीकरण है, और इस खेल में भावुक होना खतरनाक होगा है।
इरुलान Part Three में केंद्रीय पात्र होगी — पॉल की “राजनीतिक पत्नी” जो उसके साथ सिंहासन पर बैठती है लेकिन बिस्तर साझा नहीं करती, जो पॉवर चाहती है लेकिन बेने गेसेरित के लिए वफ़ादारी भी रखती है। Pugh ने Part Two में जो संयम दिखाया – हर सीन में कम बोलना, ज़्यादा ऑब्ज़र्व करना – वह Part Three की नींव है।
Bardem ने Part Two में स्टिगलर को मजाकिया और ट्रैजिक फ़िगर, दोनों बनाया – और यह कॉम्बिनेशन अहम है। हर बार जब पॉल कुछ करता है – कुछ भी, साधारण भी – स्टिगलर की आँखें चमकती हैं: “लिसान अल ग़ैब!” जब पॉल सैंडवर्म की सवारी करता है: “As was foretold!” जब पॉल जीवन-जल पीने के बाद बच जाता है: “He IS the Mahdi!”
थिएटर में लोग हँसते हैं – Bardem ने अदाकारी ही ऐसी की। लेकिन यही हँसी असहज करती है। क्योंकि स्टिगलर हँसने लायक़ नहीं – वह एक गंभीर, बहादुर और बुद्धिमान आदमी है जो झूठे विश्वास का शिकार है। और उसके ज़रिये विलेन्यूव दर्शक से कह रहे हैं: “तुम भी हँसो – लेकिन याद रखो कि तुम भी किसी न किसी स्टिगलर हो। तुम भी किसी झूठे नैरेटिव पर यकीन करते हो।”
प्रतीक और संकेत
सैंडवर्म की सवारी – आज़ादी का आख़िरी लम्हा
पॉल की पहली सैंडवर्म सवारी Part Two का सबसे शानदार दृश्य है – और शायद पूरी ट्रायलॉजी का इमोशनल शिखर। विराट सैंडवर्म, रेत, हवा, और ज़िमर का अद्भुत संगीत। लेकिन यह दृश्य सिर्फ़ ऐक्शन नहीं – यह आज़ादी का आख़िरी लम्हा है। इसके बाद सब बदल जाता है – जीवन-जल, मसीहा, सिंहासन, युद्ध। सैंडवर्म की सवारी वह आखिरी लम्हा है जहाँ पॉल सिर्फ़ पॉल है – एक लड़का जो ज़िंदा है और उड़ रहा है।
काला सफ़ेद गेडी प्राइम
फ़ेड-रूथा का प्लैनेट बिना रंग के दिखाया गया — इन्फ़्रारेड सूरज की वजह से। यह विलेन्यूव का मास्टस्ट्रोक है। हारकोनेन की दुनिया में रंग नहीं हैं – बारीकी नहीं है, अनुभूति नहीं है, मानवता नहीं है। सिर्फ़ काला-सफ़ेद है: शक्ति/कमज़ोरी, जीवन/मृत्यु, नियम/सेवा। और इस रंगहीन दुनिया में फ़ेड-रूथा को ख़ूबसूरत दिखाया गया – चमकती त्वचा, तीखे नाक-नक्श, राजाओं जैसी चाल। सुंदरता, लेकिन नीति नहीं – यही हारकोनेन की फ़िलॉसफ़ी है।
आँसू – अराकीस का सबसे बड़ा तोहफ़ा
Part One में स्टिगलर ने थूककर सम्मान दिया। Part Two में पॉल के आँसू सबसे शक्तिशाली प्रतीक बनते हैं। जब पॉल यामिस को मारकर रोता है (Part One का अंत / Part Two की शुरुआत), फ़्रेमेन हैरान हैं: वह अपना पानी मुर्दे को दे रहा है। अराकीस पर आँसू नहीं बहाए जाते, वे पवित्र चढ़ावा हैं। और यह “लक्षण” स्टिगलर के लिए दैवीय सबूत बन जाता है। एक मानवीय प्रतिक्रिया — दुःख, अफ़सोस, पीड़ा — राजनीतिक हथियार बन गया।
भाषा जो हथियार है
बेने गेसेरित की आवाज़ – एक तकनीक जिसमें अलग तरह की फ़्रेक्वेंसी में बोलकर दूसरे व्यक्ति से अपनी बात मनवाई जा सकती है। Part Two में पॉल इसे इस्तेमाल करता है – ग्रेट हाउस को चैलेंज करते हुए। और यहाँ एक हैरान करने वाला संयोग है: लिसान अल ग़ैब का शाब्दिक मतलब है “Voice from the Outer World” (ग़ैब की ज़बान)। फ़्रेमेन भविष्यवाणी कहती थी कि मसीहा की “आवाज़” में ताक़त होगी – और बेने गेसेरित की आवाज़ भी वही है। भविष्यवाणी खुद को पूरा करती है – क्योंकि बेने गेसेरित ने भविष्यवाणी भी बनाई और आवाज़ भी।
Ending का मतलब
Part Two की ending एक भूचाल है – और इसके झटके Part Three तक गूँजेंगे।
पॉल ने सम्राट को हराया। फ़ेड-रूथा को मारा। ग्रेट हाउस को चैलेंज किया – “मुझे सम्राट के रूप में स्वीकार करो या फ़्रेमेन के साथ युद्ध के लिए तैयार हो जाओ।” ग्रेट हाउस ने मना किया। और पॉल ने फ़्रेमेन को युद्ध का आदेश दे दिया।
यह वह लम्हा है जो Part One से तैयार हो रहा था – और जो पॉल सबसे ज़्यादा रोकना चाहता था। धर्मयुद्ध। अरबों की मौत। उसके नाम पर। और अब? अब वह ख़ुद इसे शुरू कर रहा है। जानबूझकर। पूरे होशहवास के साथ।
चानी चली गई – रेगिस्तान में, अकेली, टूटी हुई। इरुलान पॉल के बग़ल में खड़ी है — राजनीतिक प्यादा, भविष्य की सामाज्ञ्री। स्टिगलर घुटनों पर बैठा — पूरी तरह समर्पित और अपने विश्वास से अंधा, ख़ुश। जेसिका अँधेरे में खड़ी है — उसे संतोष है, उसका खतरनाक मैनीपुलेशन काम कर गया।
और पॉल? पॉल की आँखें नीली हैं। अराकीस ने उसे अपना लिया। या उसने अराकीस को। फ़र्क़ अब बेमानी है।
जो आपने शायद नहीं देखा
Part Two में फ़्रेमेन एकजुट नहीं हैं। उत्तर के फ़्रेमेन (स्टिगलर, चानी) ज़्यादा प्रैक्टिकल हैं, और कम धार्मिक। दक्षिण के फ़्रेमेन रूढ़िवादी हैं – लिसान अल ग़ैब में पक्का यक़ीन करने वाले। जेसिका ने जानबूझकर दक्षिण को टारगेट किया – क्योंकि वहाँ मिशनेरिया प्रोटेक्टिवा सबसे ज़्यादा प्रभावशाली है। यह विभाजन बताता है कि एक ही समुदाय में विश्वास एक जैसा नहीं होता – और मैनीपुलेशन हमेशा सबसे ज़्यादा कमज़ोर समूह को टारगेट करता है।
शैलेमे और बटलर लगभग एक ही कद-काठी के हैं – पतले, तीखे नाक-नक्श, प्रभावशाली। यह कास्टिंग संयोगवश नहीं बल्कि सोचा-समझा डिज़ाइन है। वे एक ही जेनेटिक प्रोग्राम के दो प्रोडक्ट हैं — उनके वातावरण ने उन्हें अलग बनाया।
जेसिका के गर्भ में आलिया गर्भ जन्म से ही सचेत है। जेसिका अपने पेट से बात करती है – और पेट जवाब देता है। Anya Taylor-Joy Part Two के बहुत आख़िर में flash करती है – adult Alia, एक vision में। यह Part Three का सबसे बड़ा seed है।
Dune: Part Three – जो आने वाला है
Dune: Part Three फ़्रेंक हर्बर्ट के दूसरे novel “Dune मसीहा” (1969) पर आधारित है। यह December 18, 2026 को release होगी – और विलेन्यूव ने इसे अपनी Paul एट्रीडीज़ trilogy का आख़िरी chapter बताया है।
कहानी कहाँ जाएगी?
Part Two के बारह-सत्रह साल बाद। पॉल अब Padishah सम्राट है। धर्मयुद्ध हो चुकी है – और अरबों लोग मर चुके हैं, ठीक जैसा पॉल ने Part One की visions में देखा था। वह सबसे powerful मनुष्य है – prescience रखता है, फ़्रेमेन army उसकी है, पूरी कायनात उससे डरती है। लेकिन power ने उसे बचाया नहीं – खोखला किया है।
चानी वापस है – लेकिन उनका रिश्ता टूटा हुआ है (विलेन्यूव ने कहा: “Chani’s heart is broken”)। इरुलान political wife है – throne share करती है, bed नहीं। और एक नया दुश्मन आया है: Scytale (Robert Pattinson) – एक Tleilaxu Face Dancer, जो किसी की भी शक्ल ले सकता है। Scytale एक conspiracy का हिस्सा है जो पॉल को गिराना चाहती है – बेने गेसेरित, Spacing Guild, और Tleilaxu मिलकर।
और सबसे disturbing element: Duncan Idaho वापस है – एक “ghola” के रूप में (Jason Momoa)। Ghola एक clone है – मरे हुए मनुष्य की cells से बनाया गया, original की memories बिना। Tleilaxu ने Duncan का ghola बनाया और पॉल को “gift” दिया – लेकिन यह gift एक trojan horse है।
विलेन्यूव ने कहा है कि Part Three उनकी “सबसे personal” फ़िल्म है। Herbert की Dune मसीहा उनकी favourite किताब है – “बहुत dark, बहुत ख़ूबसूरत।” और Part Three का tone अलग होगा: Part One contemplation थी, Part Two war movie, Part Three “ज़्यादा intense, ज़्यादा tense” होगी – एक सम्राट जो भविष्य देख सकता है लेकिन invincible नहीं है, और जो शायद अपनी ही हत्या होने दे ताकि एक और बड़ा सच बच सके।
Anya Taylor-Joy adult Alia के रूप में expanded role में होंगी। Florence Pugh की इरुलान central होगी। और Nakoa-Wolf Momoa (Jason Momoa के बेटे) लेटो II बनेंगे – पॉल और चानी का बेटा, जिसकी अपनी destiny इस franchise की सबसे अजीब और सबसे ambitious कहानी है।
Part Three Herbert के सबसे बड़े message का payoff है: “हमें heroes से सावधान रहना चाहिए।” Part One ने मसीहा बनाया। Part Two ने मसीहा को throne दिया। Part Three दिखाएगी कि मसीहा throne पर बैठकर क्या बनता है – और वह दृश्य किसी को comfortable नहीं करेगा।
अंतिम विचार
पॉल – अगर तुम यह पढ़ रहे हो – तो जान लो: तुम hero नहीं हो। तुम कभी थे ही नहीं। तुम एक लड़के थे जिसे genetics ने special बनाया, politics ने weapon बनाया, भविष्यवाणी ने भगवान बनाया, और प्यार ने – शायद – मनुष्य रखा। लेकिन अब प्यार भी जा चुका है। चानी रेगिस्तान में है, तुम throne पर हो, और तुम्हारे नाम पर जो ख़ून बहेगा – वह तुम्हारा है। हर बूँद। Part One में तुमने कहा था: “They see what they’ve been told to see.” तो बताओ – तुम क्या देख रहे हो? मुअद्दिब? लिसान अल ग़ैब? या सिर्फ़ एक डरा हुआ लड़का जो अब रुक नहीं सकता?
